केशवपुर (कोटा) व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीनू बंजारा ने बताया- रविवार को कोटा से 7 दोस्त अजय, उमेश, बंटी, दीपू, लोकेश, चेतन महावर, सोनू यादव कार से भानपुरा गए थे। यहां मिनी गोवा के नाम से प्रसिद्ध कंवला तालाब पर वे पिकनिक मना रहे थे।
शाम 5.30 बजे सभी युवक नहाने के लिए तालाब में उतर गए। चेतन (27) और सोनू (26) ट्यूब पर बैठकर आगे चले गए। इस दौरान अचानक ट्यूब पलट गई और दोनों डूब गए। दोस्तों ने बचाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम बुलाई गई और रेस्क्यू का काम शुरू हुआ। दोनों के परिजन भी सूचना मिलते ही भानपुरा पहुंच गए। रात 9 बजे तक गोताखोर दोनों को ढूंढते रहे लेकिन सफलता नहीं मिली।
आज सुबह फिर शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
व्यापार मंडल के अध्यक्ष दीनू बंजारा ने बताया- रेस्क्यू के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण दिक्कत आई। तालाब में ऊंची लहरें उठ रही थी। सोमवार सुबह 7 बजे के करीब चेतन का शव झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। वहीं सोनू का शव सुबह 8.30 बजे मिल गया।
गरोठ एसडीओपी विजय यादव ने बताया- कल अंधेरे के कारण रात 9 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। सोमवार सुबह 6 बजे से रेस्क्यू फिर शुरू किया गया था।
सोनू की अगले महीने होनी थी शादी
सोनू यादव इलेक्ट्रीशियन था। अगले महीने उसकी शादी होनी थी। सोनू के परिवार में एक बड़ा, एक छोटा भाई और दो बहनें हैं। सोनू की मौत ने परिवार को तोड़कर रख दिया।
Post a Comment