कोटा: कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश से बांधों में पानी की अच्छी आवक हो रही है। इसके चलते कोटा जिले के दो बांधों से पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। कोटा बैराज के सुबह 7 बजे 12 गेट खोले गए हैं। इनमें 6 गेट 20-20 फीट और 6 गेट 25-25 फीट खोले गए हैं।
करीब 2 लाख 90 हजार 544 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। बैराज से पानी छोड़ने से चंबल किनारे बसी निचली बस्तियों तक पानी पहुंच गया है। कोटा बैराज की क्षमता 854 फीट है। वर्तमान में जल स्तर 852.80 फीट पहुंच गया है।
ERCP के पहले बांध नवनेरा में भी पानी की अच्छी आवक हो रही है। नवनेरा बांध के सुबह 7 बजे करीब 11 गेट खोलकर 2 लाख 47 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। विभाग ने नदी के किनारों व भराव क्षेत्र में स्थित गांवों में अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। हालांकि आज सुबह से मौसम साफ है। आसमान में काली घटाएं छाई हुई हैं। सुबह सवा 9 बजे बाद रिमझिम बारिश शुरू हुई।
जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने सोमवार व मंगलवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर ने जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है।
छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए लागू है। स्कूल का स्टाफ नियमित रूप से काम करेगा। इस अवधि में पूर्वनिर्धारित परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
Post a Comment